पूर्व उप राष्ट्रपति अंसारी के बयान पर फड़नवीस ने कहा- हिंदुत्व का मतलब सहिष्णुता
नागपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फड़नवीस ने शनिवार को कहा कि हिंदुत्व का मतलब सहिष्णुता है। उन्होंने यह टिप्पणी पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी के उस बयान पर की है, जिसमें उन्होंने कहा था कि कोरोना से पहले भी समाज में धार्मिक कट्टरता और उग्र राष्ट्रवाद दो महामारियां थीं।
फड़नवीस ने कहा- हिंदुत्व इस देश में प्राचीन समय से चली आ रही जीवनशैली है
पत्रकारों द्वारा इस सिलसिले में सवाल किए जाने पर फड़नवीस ने कहा कि हिंदुत्व कभी कट्टरपंथी विचार नहीं रहा। यह हमेशा सहिष्णु रहा है। हिंदुत्व इस देश में प्राचीन समय से चली आ रही जीवनशैली है। हिंदुओं ने किसी व्यक्ति, देश या राज्य पर कभी हमला नहीं किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- हिंदुत्व हमेशा सहिष्णुता का पाठ पढ़ाता है
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदुत्व हमेशा सहिष्णुता का पाठ पढ़ाता है। यही कारण है कि भारत में विभिन्न मान्यताओं और जातियों के लोग शांतिपूर्वक रह रहे हैं। महाराष्ट्र के कुछ शहरों में 23 नवंबर से स्कूल खोलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार को सावधानी से काम लेना चाहिए।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.