पीले चावल बांटकर किसान आंदोलन का न्योता, 7 मई 2026 के चक्काजाम से पहले की जारी की गई एडवाइजरी
इंदौर: किसानों की विभिन्न मांगों और सरकार की कथित किसान विरोधी नीतियों के विरोध में 7 मई 2026 को प्रदेशव्यापी चक्काजाम प्रस्तावित है। इसके तहत ए.बी. रोड (NH-52) के धामनोद, मक्सी, खलघाट और पिगडंबर (राऊ-इंदौर) क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से करीब 6 घंटे तक यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।
इधर, इंदौर जिला कांग्रेस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आंदोलन को लेकर जनसंपर्क अभियान भी तेजी से जारी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े गांव-गांव जाकर किसानों को पीले चावल भेंट कर आंदोलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
वहीं, चक्काजाम को देखते हुए ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) के RTO एवं ट्रैफिक समिति चेयरमैन सी. एल. मुकाती ने वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टर्स को विशेष रूप से सचेत किया है।
मुकाती ने विशेष रूप से फल, सब्जी, दूध और अन्य खराब होने वाले कच्चे माल का परिवहन करने वाले वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि ऐसे वाहन जाम प्रभावित क्षेत्रों में प्रवेश करने से बचें, ताकि माल खराब होने और आर्थिक नुकसान की स्थिति न बने।
इसके अलावा ट्रांसपोर्टर्स को सुबह 10 बजे से पहले गंतव्य तक पहुंचने, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और हाईवे पर अनावश्यक भीड़ से दूर रहने की सलाह भी दी गई है।

