विद्यार्थियों को दूसरा मौका, सपनों को नई उड़ान देने का संकल्प : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एमपी बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की द्वितीय परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “सपने कभी रुकते नहीं, बस सही मौके का इंतजार करते हैं और यह वही मौका है सपनों को सच करने का।” माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित द्वितीय बोर्ड परीक्षाएं 7 मई 2026 से शुरू हो गई हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस वर्ष एमपी बोर्ड की 12वीं परीक्षा का परिणाम पिछले 16 वर्षों में सबसे बेहतर रहा, जबकि 10वीं के परिणाम भी उत्साहजनक रहे। बावजूद इसके कुछ विद्यार्थी सफलता प्राप्त नहीं कर सके। ऐसे विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने उन्हें द्वितीय परीक्षा के माध्यम से दूसरा अवसर प्रदान किया है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल छात्र नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य की उज्ज्वल आशा हैं। कभी-कभी परिस्थितियां अनुकूल नहीं होतीं और परिणाम उम्मीद के अनुसार नहीं आते, लेकिन एक परीक्षा किसी के पूरे भविष्य का निर्णय नहीं कर सकती। यह द्वितीय परीक्षा विद्यार्थियों के लिए नई शुरुआत और आत्मविश्वास को फिर से मजबूत करने का अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल केवल एक योजना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने का संकल्प है। जो विद्यार्थी किसी कारणवश अनुत्तीर्ण हो गए या परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए, उनके लिए यह परीक्षा उम्मीद की नई किरण साबित होगी।
डॉ. यादव ने अभिभावकों और शिक्षकों से भी अपील की कि वे इस समय बच्चों का मनोबल बढ़ाएं और उनके साथ खड़े रहें। कई बार एक सकारात्मक शब्द ही बच्चों को नई ऊर्जा देने का काम करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य और परीक्षा में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
