‘जानवरों की दुनिया में रहते हैं दिग्विजय’ दिग्गी के तंज पर हरियाणा के गृहमंत्री का पलटवार
कोरोना वैक्सीन के ट्रायल को लेकर हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज पर तंज कसना राज्यसभा सासंद दिग्विजय सिंह को भारी पड़ गया। विज ने पलटवार करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह में ज्ञान की कमी है। दिग्विजय सिंह जानवरों की दुनिया में रहते हैं इसलिए उन्हें इंसानों का ज्ञान नहीं है।
दरअसल, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कुछ दिन पहले ट्वीट करते हुए कोरोना वायरस वैक्सीन को लेकर केंद्र सरकार को घेरने के साथ ही हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को निशाने पर लिया। विज पर तंजात्मक टिप्पणी करते हुए दिग्विजय ने कहा, ‘हरियाणा के मंत्री विज साहब ने शोहरत पाने के लिए वैक्सीन लिया, उनको कोविड हो गया। यह नया रोग है। इंसानों से पहले जानवरों पर ट्रायल होता है। खैर यहां सीधा इंसानों पर हो रहा है लेकिन सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि किसी वैक्सीन के लिए भारत प्रयोगशाला नहीं’।
इसी पर विज ने पलटवार करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह में ज्ञान की कमी है। इसका ट्रायल इंसानों पर ही होता है जानवरों पर नहीं। दो फेज का ट्रायल पहले हो चुका था अब यह तीसरा है जहां 25,800 लोगों पर ट्रायल किया जाना है। दिग्विजय सिंह जानवरों की दुनिया में रहते हैं इसलिए उन्हें इंसानों का ज्ञान नहीं है। कांग्रेस नेताओं की सोच यह बताती है कि उनका कितना ज्ञान है। कांग्रेसियों के अल्प ज्ञान की वजह से ही देश में कांग्रेस की दुर्गति हो रही है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.